मोदीनगर। गांव पलौता निवासी लाइनमैन दीक्षांत को काम के दौरान करंट लगाने के मामले में डीसीपी के आदेश पर भोजपुर पुलिस ने ऊर्जा निगम के एसडीओ समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भोजपुर क्षेत्र के गांव पलौता निवासी जगदीश कुमार के अनुसार उनका पुत्र दीक्षांत उर्फ देशा चाहत सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में पेट्रोमैन पद पर तैनात है। कंपनी ने ऊर्जा निगम के फीडर का ठेका ले रखा है। बताया कि बीते 26 सितंबर को अवर अभियंता रामवीर रोहतेला और लाइनमैन हरवीर सिंह ने दीक्षांत को कॉल कर गांव भोजपुर में सरकारी ट्यूबवेल का फॉल्ट ठीक करने के लिए कहा। दीक्षांत शटडाउन लेकर फॉल्ट ठीक करने लगा। आरोप है कि फॉल्ट ठीक करते समय विद्युत लाइन अचानक चालू हो गई। करंट लगने से दीक्षांत खंभे से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लगभग दो माह बाद भी दीक्षांत की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
आरोप है कि उन्होंने मामले की शिकायत भोजपुर पुलिस से की मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत डीसीपी से की। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर एसडीओ राम इकबाल, लाइनमैन हरवीर, अवर अभियंता रामवीर सिंह रोहतेला और एसएसओ रघुनाथ निवासी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।