इंदिरापुरम। नीतीखंड क्षेत्र में मोमोज का ठेला लगाने वाले राजेंद्र नगर निवासी राजऋषि शर्मा के कुछ युवकों ने सिर में सरिया मार दी। विवाद महज इस बात पर हुआ कि युवकों को मोमोज पसंद नहीं आए। आरोपियों ने पीड़ित की पत्नी से भी हाथापाई की। घायल राजऋषि अस्पताल में भर्ती हैं। विवाद 26 अक्तूबर की रात हुआ और पुलिस ने 27 अक्तूबर को अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
दर्ज मुकदमे में राजऋषि शर्मा ने बताया कि वह जयपुरिया मॉल के पीछे चाऊमीन और मोमोज का ठेला लगाते हैं। रविवार को एक युवक उनके ठेले पर मोमोज खाने पहुंचा। उसे मोमोज पसंद नहीं आए तो उसने गाली गलौज शुरू कर दी। कहासुनी के बाद वह वहां से चला गया। करीब आधा घंटा बाद वह अपने साथियों के साथ दोबारा उनके ठेले पर पहुंचा और एक युवक ने गाड़ी से सरिया निकालकर उनके सिर में मार दी। किसी तरह उनकी पत्नी स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचीं। 27 अक्तूबर को उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की कार ट्रेस हो गई है। जल्द ही युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।