गाजियाबाद। राजस्थान के सालासर और खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। एक घायल को दिल्ली रेफर किया गया है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर कलां निवासी संदीप कुमार के मुताबिक वह अपने जीजा रिंकू कुमार, बहन मंजू और उनकी सास रेखा देवी के साथ दर्शन करने गए थे। 30 मार्च को गाजियाबाद में सेक्टर-23 संजयनगर स्थित जीजा के घर लौट रहे थे।
शाम करीब चार बजे शास्त्रीनगर स्थित न्यू सर्वोदय हॉस्पिटल के पास उनकी कार को विपरीत दिशा से तेज गति में आए कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार धमाके के साथ कार क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में रिंकू कुमार, मंजू और रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि संदीप कुमार को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को न्यू सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां रिंकू कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कैंटर को घेर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक विष्णु निवासी ग्राम जटवाई, जहांगीराबाद बुलंदशहर को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में ले लिया है। संदीप कुमार की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।