गाजियाबाद। स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आज से तीनों जोन के एसडीओ व एक्सईएन के कार्यालयों में विशेष शिविर लगाया जाएगा। एसडीओ व एक्सईएन की निगरानी में ही समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका गुणवत्तापरक निस्तारण कराया जाएगा। स्मार्ट मीटर धारकों की समस्याओं के समाधान के बाद नए स्मार्ट मीटर लगाने पर विचार किया जाएगा।
जोन एक के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट मीटर की तमाम शिकायतें उपभोक्ता कर रहे हैं। अधिकांश लोग ज्यादा बिल आने का आरोप लगा रहे हैं। इन्हीं शिकायतों के निस्तारण के लिए अगले डेढ़ माह तक रोजाना एसडीओ व एक्सईएन कार्यालय में शिविर लगेगा।
शिविर में यह भी देखा जाएगा कि लोगों के सामने किस तरह की समस्याएं आ रही हैं। इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजी जाएगी। जिले में करीब ढाई लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लग चुके हैं।