मसूरी। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराकर काफी दूर तक घिसटी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। वहीं, नौ अगस्त को बाइक सवार तीन कांवड़ियों को टक्कर मारने के मामले में एक की हालत गंभीर है जबकि दूसरे का पैर काटा गया है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब सात थाना क्षेत्र के गंगनहर के नजदीक डीएमई पर दौड़ रही बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर काफी दूर तक घिसटी। उस पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीक अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान निखिल कुमार (20) निवासी हरौला सेक्टर पांच जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। जबकि घायल सोनू भी उसकी के गांव का है। एसीपी ने बताया कि दोनों दोस्त हरिद्वार गंगा स्नान के लिए गए थे और आते समय हादसा हो गया। निखिल छह बहन-भाइयों में चौथे नंबर का था और सेक्टर पांच में स्पोर्ट्स वियर की दुकान पर काम करता था।
कांवड़ लेने जा रहे तीन दोस्त घायल, एक कार पैर कटा
मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र में कांवड़ लेने जा रहे एक बाइक पर सवार तीन दोस्तों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिसमें एक दोस्त का पैर काटा गया, जबकि दूसरे के दोनों पैरों में रॉड पड़ी। वहीं, तीसरा दोस्त वेंटिलेटर पर है। केस दर्ज कर पुलिस कार नंबर के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है। भोवापुर निवासी मनित कुमार ने दर्ज केस में बताया कि नौ अगस्त की रात्रि करीब 11 बजे उनका बड़ा भाई अंकित दोस्त लवकुश और शाहनवाज के साथ बाइक से हरिद्वार से कांवड़ लेने जा रहे थे। मेरठ रोड स्थित दुहाई पर एक कार चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए भाई की बाइक में टक्कर मार दी। बताया कि कार चालक नशे में था। टक्कर लगने के बाद बाइक समेत तीनों दोस्त उछलकर दूर जा गिरे। बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल अवस्था में राहगीरों ने तीनों को संजयनगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान पता चला कि लवकुश का पैर काटा गया। वहीं, अंकित के दोनों पैर में रॉड डाली गई। जबकि शाहनवाज वेंटिलेटर पर है। बताया कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित भाई की तहरीर पर पुलिस ने 11 अगस्त को केस दर्ज कर लिया है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को चेक कर कार चालक को तलाश किया जा रहा है।