गाजियाबाद। सूर्य की पूजा का महापर्व छठ की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। छठ घाट पर पूजन स्थल की साफ-सफाई कर छठ माता की वेदी का रंग-रोगन अंतिम चरण पर है। सोसायटी के स्विमिंग पूल सहित तालाबों की साफ-सफाई और वेदी बनाने का कार्य पूरा हो गया है। शुक्रवार को नहाय खाय के बाद छठ की खरीदारी के लिए भी बाजारों में काफी भीड़ रही। शहर में विजयनगर, प्रताप विहार, राकेश मार्ग, नंदग्राम, संजयनगर, राजनगर एक्सटेंशन, क्रासिंग रिपब्लिक, मुरादनगर, मोदीनगर सहित कई क्षेत्रों में छठ पूजा की जाती है।
शुक्रवार को नहाय खाय के दिन घरों में घी में शुद्ध सात्विक भोजन बना। व्रती के अलावा अन्य लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना किया जाएगा।
निलाया ग्रीन्स सोसायटी की रहने वाली सरस्वती सिंह ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से छठ व्रत रख रही हैं। उनकी बेटी रश्मि सिंह और उनकी भाभी राधिका सिंह भी व्रत रखती हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को खरना की पूजा होगी। इसमें सुबह से व्रती बिना अन्न-जल ग्रहण किए रहेंगे। शाम को पूजा करेंगे और पूजन के बाद गुड़ की खीर और पूड़ी या रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। शुक्रवार को सूप, टोकरी सहित सभी फलों की खरीदारी हुई।