साहिबाबाद। बृजविहार में साढ़े तीन वर्ष के बच्चे को कुत्तों ने बुरी तरह जख्मी कर दिया। उसे 22 टांके लगे हैं। जख्मी बच्चे का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बच्चे की मां अनीमा दास ने बताया कि उनका बेटा मोले दास शनिवार की शाम हुई बारिश में भींगने के लिए अन्य बच्चों के साथ बाहर निकला था। उन्होंने उसके कपड़े निकाल दिए थे। कुछ ही देर बाद बच्चे के चिल्लाने की आवाज पर जब वह बाहर निकलीं तो देखा कि उनके बेटे को कई कुत्ते घेरकर काट रहे हैं। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से कुत्तों को भगाया और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया।
अनीमा ने बताया कि बेटे को पेट और पीठ पर कुत्तों ने कई जगह काटा हुआ है। स्थानीय निवासी कार्तिकेय त्यागी ने बताया कि बृज विहार में आवारा कुत्तों की संख्या अत्यधिक है। आए दिन कुत्ते किसी न किसी पर हमला करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि यह कुत्ते अक्सर बच्चों को दौड़ाते और काटते हैं। शिकायतों के बावजूद नगर निगम कोई संज्ञान नहीं लेता है।