शिकारपुर बाईपास के चौड़ीकरण में फंड की कमी बनी बाधा
बुलंदशहर। फंड की कमी के कारण शिकारपुर बाईपास का चौड़ीकरण नहीं होने से लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ रहा है। सड़क के चौड़ीकरण समेत लाइटिंग पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर के डीएवी तिराहे से स्याना अड्डा तक सड़क के फोर लेन बनाने के आदेश दिए गए थे। योजना के अनुसार करीब पांच किमी रोड बनाने के अलावा तिराहे व चौराहों पर गोल पार्क बनाने तथा सड़क के बीचों बीच डिवाइडर बनाने और सड़क के दोनों ओर लाइटिंग होनी थी। इससे सड़क पर लगने वाले जाम के झाम से मुक्ति मिलती। आदेशों के बाद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है। बताया जा रहा है कि योजना पर बीडीए और आवास विकास परिषद द्वारा करीब 10 करोड़ रुपयों का खर्च किया जाना है। बीडीए के पास फंड की कमी के कारण अभी तक योजना परवान नहीं चढ़ सकी है। सड़क का चौड़ीकरण न होने व वाहनों की अधिक भीड़ के चलते आए दिन बाईपास पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस बाबत एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र ने बताया कि फंड की कमी से अभी तक योजना पर अमल शुरू नहीं हो सका है। फंड मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।