गाजियाबाद। फेसबुक पर निवेश करने के टिप्स लेना नेहरूनगर के गुलमोहर एंक्लेव निवासी संजय आर्य को महंगा पड़ गया। ठगों ने नामी कंपनियों में निवेश कराने के नाम पर उनसे अलग-अलग खातों में 8.66 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी।
संजय आर्य ने बताया कि फरवरी माह में उन्होेंने फेसबुक पर निवेश से जुड़ा एक लिंक देखा था। उसको खोलने पर निवेश से जुड़ी जानकारी लिखी थी। जब उसमें रुचि दिखाई तो कुछ लोग उनको निवेश की जानकारी देने लगे। ठगों ने उनको तीन एप भी डाउनलोड करा दिए। ठगों ने दावा किया कि उनको निवेश करते ही पांच से 20 फीसदी का मुनाफा शुरू हो जाएगा। इसके बाद उन्होंने दिए गए खातों में 12 बार में 8.66 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। डाउनलोड कराए गए एप में मुनाफा तो दिख रहा था, लेकिन वह रकम नहीं निकाल पा रहे थे। ठग उनसे और पैसा भेजने को कह रहे थे, लेकिन उनके पास और पैसा नहीं था। ठगी का पता चलने पर उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनको फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।