मधुबन बापू धाम में बनेगा नया सब स्टेशन
गाजियाबाद। मधुबन बापू धाम में 556 केवीए का नया सब स्टेशन बनेगा। विद्युत निगम ने इसका प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया है। इससे लाखों लोगों को फायदा होगा, उन्हें 24 घंटे बिजली की आपूर्ति मिलेगी।
अधीक्षण अभियंता बीएम शर्मा ने बताया कि मुधबन के आसपास के रहने वाले लोगों की शिकायत मिल रही थी कि इलाके में बिजली की अधिक कटौती हो रही है। इसके बाद विद्युत अधिकारियों ने इलाके में जाकर सर्वे किया और प्रशासन को इलाके में एक सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव भेजा। इस प्रस्ताव पर हाल में मुहर लग गई। अब सब स्टेशन का काम शुरू हो गया है। इससे कविनगर, गोविंदपुरम, कमला नेहरूनगर आदि कालोनियों को बिजली की किल्लत से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने बताया कि अगस्त तक यह सब स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद इलाके में 24 घंटे बिजली की सप्लाई की जाएगी। इससे आसपास की कालोनियों में रहने वाले पांच लाख से अधिक लोगों को फायदा होगा। साथ कविनगर सब स्टेशन की बिजली भी बेहतर तरीके से सप्लाई की जाएगी।
बिजली चोरी पर लगेगी रोक
बीएम शर्मा ने बताया कि इलाके में बिजली चोरी होने की शिकायत भी मिल रही है। ऐसे में जब सब स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा तो इस पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। जो समय-समय पर बिजली चोरी को रोकने का प्रयास करेंगे। इससे इलाके में होने वाली बिजली चोरी पर भी लगाम लगेगी।