कलेक्शन एजेंट ने दी लूट की सूचना, पुलिस बोली ठगी
गाजियाबाद। दिल्ली की प्राइवेट कंपनी के कलेक्शन एजेंट से दो युवकों ने 70 हजार रुपये लूट लिए। युवक ने पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी तो अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक से लूट नहीं हुई है, बल्कि टप्पेबाजी की बात सामने आ रही है। मामले की जांच कराई जा रही है।
कालका जी दिल्ली की प्राइवेट कंपनी पे-इंस्टेंट में सुभाष नगर गाजियाबाद का रहने वाला हरीश कलेक्शन एजेंट है। यह कंपनी ऑनलाइन मोबाइल रिचार्ज, बिजली बिल आदि का पेमेंट करती है। हरीश ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह क्षेत्र में अपने डीलर्स से कलेक्शन कर दोपहर करीब 12:15 बजे वह पटेल नगर के एक बैंक में 70 हजार रुपये जमा करने गया था। इसी दौरान दो बदमाशों ने उससे 70 हजार रुपये लूट लिए। करीब 1:30 बजे उसने पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। सीओ सेकेंड आतिश कुमार सिंह का कहना है कि युवक से लूट नहीं हुई है। दो युवक उसे ज्यादा रकम देने का झांसा देकर 70 हजार रुपये ठगी कर ले गए और कागज की गड्डी थमाकर फरार हो गए। युवक से बरामद कागज की गड्डी पर ऊपर-नीचे नोट लगे हुए थे।
सीसीटीवी में आरोपियों से बात करते दिखा एजेंट
लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कलेक्शन एजेंट हरीश को लेकर बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस के मुुताबिक फुटेज में हरीश दो युवकों के साथ बात करते हुए दिखाई दिया। उन्हीं युवकों से बैंक का फार्म भी भरवाया। इन्हीं दो युवकों पर एजेंट ने रकम लूटने का आरोप लगाया था।