खोड़ा में 50 फीसदी हुआ मतदान
साहिबाबाद। खोड़ा में पहली बार नगरपालिका परिषद के लिए मतदान हुआ। उम्मीद थी कि पहले नगर पालिका के लिए मतदाताओं में पोलिंग को लेकर खासा उत्साह रहेगा लेकिन शाम तक यहां करीब 50 फीसदी ही मतदान हुआ।
खोड़ा में सुबह 11 बजे तक करीब 23 प्रतिशत मतदाता ही वोट डालने बूथ तक पहुंचे। दोपहर 12 बजे के बाद मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई। दोपहर एक बजे तक यहां करीब 32 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस मौके पर अधिकांश बूथों के बाहर मतदाताओं की लाइनें लगी रही। दोपहर दो बजे से तीन बजे तक मतदाताओं की संख्या में और बढ़ोतरी हुई। दोपहर तीन बजे तक खोड़ा में वोटिंग प्रतिशत 39 के आसपास रहा। रविवार को छुट्टी होने के बाद भी खोड़ा में मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए कम ही लोग पहुंचे। शाम पांच बजे तक वोटिंग खत्म होने तक वोट डालने वालों की संख्या 50 प्रतिशत रही। मतदाताओं की कम संख्या देखकर प्रत्याशियों में भी निराश रही। प्रत्याशियों ने बताया कि खोड़ा में इतनी कम वोटिंग की उम्मीद नहीं थी। कम वोटिंग के चलते अब खोड़ा में चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।