बरसात के बाद शहर के 80 वार्ड चमकते नजर आएंगे। नगर निगम वार्डों में विकास कार्यों पर 75 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट खर्च करेगा। इनमें से करीब 45 करोड़ रुपया वार्ड कोटे से और लगभग 30 करोड़ अवस्थापना निधि से खर्च होगा।
निगम के निर्माण विभाग ने बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद वार्ड कोटे के कार्यों के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी कर ली है, जबकि अवस्थापना फंड से विकास कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं।
नगर आयुक्त अब्दुल समद ने इस बार पार्षदों से शहर में बंपर विकास कार्य कराने का वादा किया है। इसके लिए वित्तीय वर्ष शुरू होते ही उन्होंने सभी पार्षदों से 50-50 लाख रुपये के प्रस्ताव मांगे थे। पार्षदों के प्रस्ताव पर निर्माण विभाग ने उनका एस्टिमेट तैयार कर लिया है।
बड़ी सड़कों पर डेंस कारपेटिंग कर पुनर्निर्माण कराया जाएगा तो छोटी गलियों को इंटरलाकिंग टाइल्स लगाकर संवारा जाएगा। सड़कों के साथ जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया जाएगा।
एक साथ 50-50 लाख के काम कराने को मंजूरी मिली तो पार्षदों ने इन प्रस्तावों में ऐसे बड़े कार्यों को शामिल किया है, जो कई वर्षों से अटके हुए थे। ऐसे में अब अगले छह महीने में शहर की टूटी सड़कें चकाचक नजर आएंगी।
अवस्थापना निधि से होंगे बड़े काम
अवस्थापना फंड के करीब 30 करोड़ रुपये सड़क, नाली, नाले, स्कूल निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। यह ऐसे काम है जो बोर्ड फंड से कराया जाना मुश्किल होता है। मंडलायुक्त से प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण विभाग ने इनके लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। अब जल्द ही इन पर काम शुरू होगा।
अवस्थापना फंड से मंजूर प्रमुख कार्य
- शालीमार गार्डन की 80 फुटा रोड का निर्माण
- वार्ड-15 की विजयनगर डबल रोड
- वार्ड-17 की राजीव कालोनी करहेड़ा में डेढ़ करोड़ के फंड से सड़क निर्माण
- वार्ड-22 के मैनापुर में सड़क निर्माण
- वार्ड-30 के विकास नगर में नाला व सड़क निर्माण
- वार्ड-31 मॉडल टाउन वेस्ट एमएमएच कालेज के पास सड़क निर्माण
- वार्ड-35 गोविंदपुरम जी-ब्लाक में सड़क निर्माण
- वार्ड-40 श्यामपार्क मेन के पाइप मार्केट में करीब ढाई करोड़ से सड़क निर्माण
- वार्ड-42 गोविंदपुरम सी ब्लाक में डबल रोड का निर्माण
- वार्ड-44, वार्ड-50 में सड़क निर्माण
- वार्ड-55 बजरिया से रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण
- वार्ड-65 संजय नगर में फॉरच्यून होटल के सामने वाली सड़क निर्माण
- वार्ड-64 शास्त्री नगर ए ब्लाक में सड़क निर्माण
अवस्थापना फंड से होने वाले विकास कार्यों के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही वार्ड कोटे के टेंडर जारी किए जाएंगे। अगस्त महीने में विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। छह महीने में वार्डों की सूरत संवरी हुई नजर आएगी। इस बार बीते कई वर्षों की अपेक्षा ज्यादा विकास कार्य कराए जाएंगे। - अब्दुल समद, नगर आयुक्त