मुनीम अमित कुमार ने बताया कि उनको राजनगर की कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में कंपनी के 8.15 लाख रुपये जमा करने थे। करीब सवा 11 बजे वह अपने कार्यालय से स्कूटी से चले। साढ़े 11 बजे के आसपास वह जैसे ही नेहरूनगर पुल के नीचे पहुंचे तो उनको बाइक सवार तीन युवकों ने रोका। रुकते ही पीछे बैठे बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दी। इससे उनकी आंखों में जलन हो गई और स्कूटी समेत नीचे गिर गए।
आरोपियों ने स्कूटी में रखा बैग लूट लिया और हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। पीछे से आए लोगों की मदद से उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अमित कुमार को एमएमजी में भर्ती कराया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोद प्रियदर्शी ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। इससे पहले डीसीपी धवल जायसवाल, एसीपी कविनगर भास्कार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
रेकी कर दिया गया घटना को अंजाम
जिस तरह आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया, उससे पुलिस मान रही है कि घटना को रेकी कर अंजाम दिया गया। इसलिए पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कंपनी के किन-किन कर्मचारियों को कैश की जानकारी थी, इस बिंदु पर भी पुलिस काम कर रही है। तह तक जाने के लिए कंपनी के अन्य कर्मचारियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।