मोदीनगर। भोजपुर के गांव त्यौड़ी-7 बिस्वा निवासी छोटू से शातिर ने सस्ते दामों पर डीजे दिलाने का झांसा देकर 74 हजार रुपये ठग लिए। छोटू ने सोशल साइट इंस्टाग्राम पर सस्ती दरों पर डीजे बिक्री का विज्ञापन देखा था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव त्यौड़ी-7 बिस्वा के रहने वाले छोटू ने बताया कि उन्हें एक डीजे की तलाश थी। बीते जून माह में उन्होंने इंस्टाग्राम पर कम कीमत पर डीजे बिक्री का एक विज्ञापन देखा। छोटू ने विज्ञापन दाता कुलदीप के मोबाइल पर कॉल की। कुलदीप ने वाट्सअप पर डीजे के फोटो भेज दिए। फोटो पसंद आने के बाद छोटू ने डीजे का सौदा तय कर लिया। छोटू ने तीन बार में 74 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। मगर काफी समय बीत जाने के बाद छोटू को डीजे नहीं मिला। छोटू ने डीजे नहीं देने पर अपनी रकम वापस मांगी। आरोपी ने रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। ठगी का एहसास होने पर छोटू ने पुलिस से मामले की शिकायत की। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के अनुसार कुलदीप निवासी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।