बारिश के बाद जाम-जलभराव से जूझे लोग
गाजियाबाद। मूसलाधार हुई बारिश के बाद लोगों को जाम और जलभराव से जूझना पड़ा। रुक रुककर कई घंटे हुई बारिश के कारण कालोनियों और मुख्य मार्गों पर पानी जमा हो गया। वाहन चालकों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। वहीं तेज हवा के कारण लालकुआं समेत कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। इसकी वजह से लगे जाम के चलते लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे झमाझम बारिश हुई, हालांकि इसके बाद मौसम साफ हो गया था। इसके बाद शाम करीब पांच बजे तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। आधा घंटे में ही सड़कों पर पानी जमा होने लगा। इसके बाद शाम करीब सात बजे फिर मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं के चलते लालकुआं चौराहे के पास एक भारी भरकम पेड़ गिर गया। इसकी वजह से यातायात बाधित हो गया। लालकुआं-दादरी रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के ट्विटर हैंडल पर भी जाम की सूचना दी। सूचना पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और क्रेन बुलाकर पेड़ को हटवाया गया। इसके बाद जाम खुल पाया। वहीं बारिश के बाद बृहस्पतिवार शाम को एनएच-9 पर भी जाम रहा। विजयनगर, एबीईएस कट, सीआईएसएफ कट, डासना और आईएमएस कालेज के पास एनएच-9 पर जाम रहा। एसपी ट्रैफिक ने जाम की सूचना पर अतिरिक्त स्टाफ भेजकर यातायात सुचारु कराया।