परिवहन विभाग में कर्मचारियों की हड़ताल, कामकाज ठप
गाजियाबाद। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर परिवहन विभाग में बृहस्पतिवार को कामकाज ठप रहा। कार्यालय खुलने के बाद कर्मचारी मेन एंट्री गेट पर आकर बैठ गए। न तो ड्राइविंग लाइसेंस बने और न ही वाहनों की फिटनेस जांच हुई। कर्मचारी रविवार तक हड़ताल पर रहेंगे।
प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सरकारी विभागों के कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। हड़ताल का असर परिवहन विभाग में ही देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को विभाग का कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले हो रही हड़ताल में परिवहन विभाग कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री जयदीप चौधरी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 2005 के बाद से सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों की पेंशन खत्म कर दी है। कर्मचारियों की मांग है कि सरकार पूर्व की तरह पेंशन दें।
उधर, हड़ताल की वजह से ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन पाए। विभाग में प्रतिदिन 350 से 400 डीएल बनते हैं। आवेदकों की संख्या ज्यादा होने के कारण डीएल की पेंडेंसी पहले ही अधिक चल रही है। अब दो दिन काम नहीं होगा और शनिवार व रविवार को छुट्टी रहेगी। धरने में अनिल कुमार हरित, रविंद्र शर्मा, अवधेश सिंह, ममता सिंह, पूनम शर्मा, पार्वती देवी आदि शामिल रहे।