159 किसान मुचलका पाबंद, महापंचायत स्थगित
लोनी। प्रशासन ने 15 अप्रैल को मंडोला में प्रस्तावित किसानों की महापंचायत के मद्देनजर मंडोला सहित छह गांव के 159 किसानों को 107/116 के तहत पांच हजार से लेकर पांच लाख रुपये तक के मुचलकों में पाबंद किया है। उधर, प्रशासन से 19 अप्रैल को मेरठ में शासन की कमेटी से वार्ता का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने महापंचायत स्थगित कर दी।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को आशंका थी कि 15 अप्रैल को महापंचायत के बाद किसान उपद्रव कर सकते हैं। इसलिए अधिकारियों ने पांच हजार से पांच लाख रुपये तक के नोटिस धरनास्थल पर चस्पा कराए हैं। किसान नेता नीरज त्यागी ने बताया कि प्रशासन ने 19 अप्रैल को शासन स्तर की कमेटी से उनकी मांगों पर वार्ता कराने आश्वासन दिया है। इस आश्वासन के बाद 15 अप्रैल को प्रस्तावित किसान महापंचायत स्थगित कर दी गई है। इस पंचायत में गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, बुलंदशहर और मेरठ के किसानों को बुलाया गया था। महापंचायत को सफल बनाने के लिए किसानोदय यात्रा निकाली जा रही थी। बता दें कि मंडोला समेत छह गांव के किसान आवास विकास परिषद (आविप) की मंडोला विहार योजना के खिलाफ लंबे समय से आंदोलनरत हैं। आविप के संयुक्त आयुक्त महेंद्र प्रसाद ने बताया कि मेरठ में 19 अप्रैल को किसानों की शासन की कमेटी से वार्ता कराई जाएगी।