अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि गिरोह का सरगना अमन अग्रवाल निवासी गोविंदपुरम थाना मधुबन बापूधाम और राहुल शर्मा निवासी गांव मुबारिकपुर सलामतपुर जनपद हापुड़ दो वर्ष पहले नोएडा स्थित एचएएक्सआर कंपनी में नौकरी करते थे। कंपनी में रिलायंस भारती हेक्सा, सिगना, टीटीके, एचडीएफसी और बजाज की जीवन बीमा पॉलिसी और हेल्थ पॉलिसी की जानकारी कॉलिंग सेंटर से दी जाती है। अमन अग्रवाल और राहुल शर्मा ने एचएएक्सआर कंपनी से ग्राहकों का डाटा चोरी कर लिया और क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की एक सोसायटी में दो फ्लैट किराये पर लेकर अवैध कॉलिंग सेंटर शुरू किया।
कॉल कर ग्राहकों को बीमा पॉलिसी को रिन्यू कराने और नई पॉलिसी खोलने का ऑफर दिया। बताया कि पॉलिसी के नाम पर लोगों से रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कराते थे। इसके साथ ही कैनवा सॉफ्टवेयर से फर्जी पॉलिसी की रसीद भी ग्राहकों को मुहैया कराते थे। करीब डेढ़ वर्षों में इस गिरोह ने डेढ़ हजार लोगों को ठगी का शिकार बनाया।
बैंक खातों के अनुसार करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम अमन अग्रवाल(29) निवासी गोविंदपुरम गाजियाबाद, राहुल यादव (30) निवासी न्यू उस्मानपुर, पहला पुस्ता, थाना शास्त्री पार्क दिल्ली, आफताब आलम (25) निवासी सैफीयान मोहल्ला थाना मसूरी, राहुल शर्मा (23) निवासी ग्राम मुबारिकपुर, सलामतपुर, कुचेसर रोड चौपला जनपद हापुड़, दीपक कुमार (26) ग्राम गैंदपुर शेखपुर, सिकन्दराबाद, जनपद बुलंदशहर, हाल पता पैरामाउंट सिम्फनी क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद, गर्वित त्यागी (24) निवासी कुचेसर रोड चौपला जनपद हापुड़ और जगजीत सिंह (28) निवासी मीरपुर खुर्द, सरदुल गढ़, मानसा, पंजाब बताया है।
लग्जरी कारों में बैठकर भी करते थे कॉलिंग
गिरोह डेढ़ वर्ष से कॉलिंग सेंटर चला रहे थे। इसके साथ ही इनसे एक थार और एक्सयूवी कार भी बरामद हुई है। इन दोनों कारों में बैठकर भी यह गिरोह लोगों को कॉलिंग करते थे। गिरोह से 26 मोबाइल, 06 चेकबुक, तीन पासबुक, 14 एटीएम कार्ड, चार सिम कार्ड और 1.98 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
56 पॉलिसी से 10 राज्यों का मिला रिकार्ड
इस गिरोह के 56 फर्जी बीमा पॉलिसी बरामद हुई है। इनमें उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़, गाजीपुर, लखनऊ, कन्नौज, संत रविदास नगर, झांसी, गोंडा, देवरिया और पंजाब राज्य के मोंगा व मध्यप्रदेश के सागर, रीवा, छतरपुर इसके साथ ही बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर, महाराष्ट्र के नागपुर, झारखंड के रामगढ़, वेस्ट बंगाल के कोलकाता, राजस्थान के जोधपुर, गुजरात के भावनगर, अहमदाबाद, नई दिल्ली, शाहदरा ईस्ट दिल्ली के सैकड़ों लोगों के साथ की गई धोखाधाड़ी उजागर हुई है।
चार राज्यों की नौ घटनाओं का खुलासा
गिराह ने विजेंद्र कुमार पटेल थाना मानिकपुर जनपद प्रतापगढ़, हरिओम थाना गुरसाराई जनपद झांसी, गुजरात के प्रमोद थाना मेघपुर पडना जामनगर, हंसमुख भाई थाना शोला हाईकोर्ट अहमदाबाद, मंनसुखभाई थाना बच्चू कच्छ पूर्वी, कर्नाटक राज्य के सिंधु श्रीटीके थाना संजयनगर और जयन्ना एचएस बंगलूरू सिटी के साथ एक करोड़ 69 लाख रुपये की ठगी की। जबकि महाराष्ट्र के नागपुर जिले के श्री विजय सोनटके के साथ करीब 54 लाख रुपये की ठगी उजागर हुई है।