गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र में एक फ्लैट का सौदा कर 65.71 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में फाइनेंस कंपनी, किशन सिंह रावत, निशा रावत, उपेंद्र सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दुहाई निवासी कुलविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने 2019 में तीन फ्लैट किशन सिंह रावत से सौदा तय किया था। इनमें से एक फ्लैट उनके, एक उनकी बहन और एक फ्लैट मां के नाम होने थे। उन्हें एक फ्लैट रहने के लिए दिया गया लेकिन बाद में परेशान किया जाने लगा और आत्महत्या करने के लिए भी उकसाया गया।
आरोपियों ने उनसे 65.71 लाख की धोखाधड़ी की। बार-बार कहने के बाद भी बैनामा नहीं किया गया। इस मामले में तमाम पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बाद में परेशान होकर कोर्ट का सहारा लिया। इस बारे में एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू करा दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।