खोड़ा। नगरपालिका परिषद में निवासियों को बिना पालिका आए अपनी समस्या की शिकायत करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। कंट्रोल रूम में पिछले माह जून में 65 शिकायतें मिली हैं। इसमें से सबसे अधिक शिकायतें साफ-सफाई की आई हैं। इसमें से कुल 30 शिकायतों का ही निस्तारण अभी तक किया गया है। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण करने के लिए 15 दिन का समय दिया जाता है।
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक दिव्यकांत अग्रवाल ने बताया कि पोर्टल की जानकारी अभी लोगों को नहीं होने की वजह से शिकायतें कम आती हैं। अधिकतर लोग अधिकारियों के फोन नंबर पर ही शिकायत भेजते हैं लेकिन जो भी शिकायत आती है। उन सभी का 15 दिन के भीतर निस्तारण किया जाता है। जून में 65 शिकायत आईं थी, जिसमें 40 शिकायतें लोगों की नाली व कूड़े की साफ-सफाई को लेकर थीं। 30 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। बाकी बची हुई शिकायतों को भी समय दे दिया है। समय पर उनका भी निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घर से लोग 18001809322 हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत करके अपनी समस्या अधिकारी को भेज सकते हैं।