गाजियाबाद। सिहानीगेट थाना क्षेत्र के न्यू आर्यनगर में निवासी कंपनी प्रबंधक सौरभ सिंघल ने दंपती सहित कई लोगों पर 63.76 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपियों ने कंपनी की मशीनों की मेंटीनेंस करा ली और भुगतान नहीं किया। आरोपियों को दिए गए चेक बाउंस हो गए। तकादा करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि न्यू आर्यनगर पटेल चौक निवासी सौरभ सिंघल ने बसंतपुर सैंथली मुरादनगर निवासी प्रदीप गर्ग, उनकी पत्नी निशा गर्ग, नीलम गर्ग पत्नी अजय कुमार, प्रवल गर्ग पुत्र प्रदीप गर्ग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसकी कंपनी इलेक्ट्रिकल इंस्टूमेंट की सर्विस व रिपेयरिंग का कार्य करती है, जबकि उपरोक्त लोगों की भी एक कंपनी है। उपरोक्त लोगों ने अपनी कंपनी की मशीनों की मेंटीनेंस को लेकर उनकी कंपनी के साथ अनुबंध किया। आरोप है कि उपरोक्त लोगों ने चार मेंटीनेंस व रिपेयरिंग के चार बिलों की उनकी पेमेंट 63.76 लाख का भुगतान नहीं किया। तकादा करने पर आरोपियों ने उनकी कंपनी में आकर पेमेंट के लिए एक चेक दिया जो कि बैंक में लगाने पर वापस हो गया। बात करने पर आरोपियों ने फिर से चेक लगाने को कहा, लेकिन इस बार भी कोई पेमेंट चेक के जरिए नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों ने पेमेंट को लेकर तकादा किया तो उन्होंने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। एसीपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।