शहर की 63 सरकारी बिल्डिंगों में सोमवार को नगर निगम ने एक साथ स्वच्छता अभियान चलाया। इसकी शुरूआत कचहरी परिसर से महापौर अशु वर्मा और नगर आयुक्त अब्दुल समद ने की। उन्होंने कचहरी के बाद तहसील परिसर में भी अभियान चलाया। इसके अलावा पांचों जोन की सरकारी इमारतों में विशेष सफाई अभियान चला।
सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे इस अभियान की शुरूआत की गई। कचहरी में अभियान के दौरान बार एसोसिएशन ने मेयर और नगर आयुक्त से दो पब्लिक टॉयलेट बनवाने, छोटे डस्टबिन लगवाने और फॉगिंग कराने की मांग की।
उन्होंने बार एसोसिएशन को जल्द ही उनकी मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद निगम सफाई कर्मचारियों की टीम और अधिकारी तहसील कंपाउंड पहुंचे। यहां कंपाउंड संघ के साथ उन्होंने यहां स्वच्छता अभियान चलाया।
इस दौरान वकीलों ने यहां डस्टबिन, एलईडी लाइटें, 10 बेंच और टॉयलेट्स से मैनहोल तक सीवर लाइन डलवाने की मांग की। महापौर अशु वर्मा ने बताया कि दोनों स्थानों पर मांगों के मुताबिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को निगम के पांचों जोन में सरकारी इमारतों में सफाई अभियान चलाया गया। इनमें इनकम टैक्स, वाणिज्य कर विभाग, पुलिस थाने भी शामिल हैं। इस दौरान पार्षद प्रवीन चौधरी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश त्यागी कैली, अधिवक्ता सत्यकेतु सिंह, पार्षद राजेंद्र त्यागी मौजूद रहे।