कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयाें की होगी खेलकूद प्रतियोगिता
बुलंदशहर।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की ओर से खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता पहले जिला, फिर मंडल और उसके बाद प्रदेश स्तर पर होगी। प्रदेश के सभी मंडलों में होने वाले खेलों के लिए ध्वज का रंग जारी कर दिया गया है। मेरठ मंडल को हरा रंग मिला है।
सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक डॉ. वेदपति मिश्र ने मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश जारी कर अवगत करवाया है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तीन, चार और पांच फरवरी को बाराबंकी में होगी। इसमें वह खिलाड़ी छात्रा भागीदारी करेंगी, जो मंडल स्तर पर विभिन्न खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त करेंगी। मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 20 जनवरी से 31 जनवरी तक होगी। जबकि इससे पहले जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता करवाई जाएंगी। जिला स्तर पर होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अपने स्तर से तिथि जारी कर करवा सकेंगे।
मंडल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भागीदारी करने वाली खिलाड़ियों की जिला स्तर की टीम के लिए ध्वज का रंग निर्धारित कर दिया है। मेरठ मंडल के ध्वज का रंग हरा होगा। उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसके लिए संबंधित अफसर और कर्मचारियों को निर्देश जारी करते हुए तैयारी करने के आदेश जारी कर दिए हैं।