हापुड़ के दिव्यांग शिक्षक की जोया में सड़क हादसे में मौत
क्षेत्र के मेरठ रोड मधुबन कालोनी निवासी शिक्षक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी व दो बच्चे घायल हो गए। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मेरठ रोड स्थित मधुबन कालोनी निवासी दिव्यांग अमित अरोड़ा खरखौदा के डीएवी कालेज में शिक्षक हैं। उनके पिता अशोक अरोड़ा घर से थोड़ी दूर पर चाय की दुकान चलाते हैं।
रविवार को वह मुरादाबाद में अपनी ससुराल में एक परिचित के यहां बरसी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। कार में उनके साथ पत्नी जानवी व पुत्र लक्ष्य व आरव भी सवार थे।
जैसे ही उनकी कार अमरोहा जिले के जोया में हाईवे पर पहुंची ट्रक से टकरा गई। हादसे में अमित की मौके पर ही मौत गई। जबकि पत्नी व दोनों बच्चे घायल हो गए।
देर शाम शव हापुड़ पहुंचा तो मृतक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।
डग्गामार बस व खड़ी जीप में भिड़ंत, पांच घायल
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी सवारियों से भरी डग्गामार जीप में पीछे से आ रही डग्गामार बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए। तीन घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कुचेसर चौपले के पास होटल पर संभल से दिल्ली जा रही डग्गामार जीप खड़ी थी। सवारियों को यहां खाने के लिए रोका गया था।
तभी पीछे से आई अन्य डग्गामार बस ने जीप में टक्कर मार दी। हादसे में जीप में बैठे पांच लोग घायल हो गए। जिनमें तीन लोगों मोहम्मद जाकिर, अनीस व नर्गिस निवासी संभल को मेरठ के लिए रेफर किया गया है।
जबकि अन्य घायलों में सबाना और उसके दो बच्चे शिफा व समीर, जुबेर व माहरूफ निवासी संभल शामिल हैं। टक्कर के बाद डग्गामार बस का चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार अभी किसी कीे ओर से तहरीर नहीं आयी है। तहरीर के आधार पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।