गाजियाबाद। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 184 पद पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया में 5,871 आवेदन आए हैं।इस पद के लिए इंटर पास होने की अहर्ता रखी गई है जबकि आवेदकों में 516 परास्नातक है। ये आंकड़े बेरोजगारी की स्थिति भी बयां कर रहे हैं। आवेदकों की इतनी लंबी लाइन तब है जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को महज साढ़े सात हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाता है।
गाजियाबाद में 1331 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनमें से आठ माह से 184 खाली चल रहे हैं, जिन पर नियुक्ति की जानी है। इन पदों के लिए भी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। जैसे ही आवेदन फार्म जारी किए गए, वैसे ही आवेदकों की लाइन लग गई। नियुक्ति प्रक्रिया का पोर्टल खुलने के एक महीने में ही साढ़े पांच हजार आवेदन आ गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वार्ष्णेय ने बताया कि आवेदन पत्रों की जांच के दौरान पाया गया कि एमए, एमएससी, एमबीए, एम फिल और पीएचडी कर चुकीं महिलाएं भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बनना चाहती हैं। हालांकि, बड़ी संख्या में ऐसी आवेदन फार्म भी मिले, जो या तो अधूरे थे या फिर गलत जानकारी दी गई थी।
कई फार्म में गलत श्रेणी भर दी गई थी। 42 फार्म में केंद्र ही गलत लिखा मिला। कुल 1747 फार्म निरस्त कर दिए गए हैं। छंटनी के बाद 4082 फार्म बचे हैं। इनमें से ही 5871 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का चयन किया जाएगा।
ब्लॉक आवेदन स्वीकृत
मुरादनगर - 578 419
भोजपुर - 1100 773
सदर - 2706 1620
लोनी - 1104 958
रजापुर - 383 312
(बाल कल्याण विभाग से मिले आंकड़े के अनुसार)
योग्यता-
- आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए महिला उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास होना आवश्यक है।
- केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन की पात्र हैं। उम्मीदवार जिस गांव, नगर, वार्ड या न्याय पंचायत से आवेदन कर रही हैं, वहां की निवासी होना आवश्यक है।
- आवेदन करने वाली महिला की आयु 18 से कम और 35 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।