गाजियाबाद। उत्तरी यूरोप के फिनलैंड देश के विदेश मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने सेक्टर-तीन गार्डेनिया ग्लैमर वसुंधरा निवासी अंबुज तोमर से 5.70 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर थाने में ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एडीसीपी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि अंबुज तोमर को नौकरी की तलाश है। उन्होंने कई वेबसाइट पर आवेदन किया है। अंबुज तोमर ने बताया कि 11 मार्च को उनकी ईमेल पर फिनलैंड के विदेश मंत्रालय में नौकरी मिलने का फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा गया। विदेश में नौकरी का ऑफर मिलते ही अंबुज तोमर साइबर ठगों के जाल में फंस गए। साइबर ठगों ने अंतरराष्ट्रीय वीजा, विदेश में निवास, वर्क परमिट, बैंक खाता खोलने और अन्य सुविधाएं प्रदान करने की एवज में ई-मेल से ही बातचीत करते रहे।
11 मार्च से 28 मार्च तक साइबर ठगों ने सुविधाएं देने की एवज में कभी डेढ़ लाख तो कभी 50 हजार रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कराते रहे। साइबर ठगों ने पीड़ित को फिनलैंड विदेश मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 5.70 लाख रुपये की ठगी की। इसके बाद भी साइबर ठग लगातार रुपये ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे थे। इससे परेशान पीड़ित अंबुज तोमर ने साइबर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318(4) और कंप्यूटर संसाधनों से धनराशि ट्रांसफर करने की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।