साहिबाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध आतिशबाजी बेचने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। शनिवार को बाड़ा मोहल्ले से 52 वर्षीय महमूद निवासी असालतपुर टीलामोड़ को चार कट्टों में भरे मिश्रित पटाखों के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि बाड़ा मोहल्ले में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध पटाखे बेच रहा है। पुलिस टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची और आरोपी को घेर लिया। पुलिस को देखकर महमूद भागने लगा तो उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चार कट्टों में अवैध मिश्रित पटाखे बरामद हुए। महमूद ने बताया कि उसके पास पटाखे बेचने का कोई लाइसेंस नहीं है। वह सस्ते में पटाखे खरीदकर मुनाफा कमाने के लिए महंगे दामों पर बेच रहा था।