नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पहासू। पहासू रोड स्थित साबितगढ़ शुगर मिल के पास खुर्जा की तरफ से आ रहे बाइक सवार युवक को नीलगाय ने टक्कर मार दी। घायल युवक को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहासू क्षेत्र के मोहल्ला लोदीनगर निवासी सौरभ (20) पुत्र मदनपाल नगर स्थित एक डेयरी प्लांट में नौकरी करता था। रविवार सुबह आठ बजे नाइट ड्यूटी खत्म करके सौरभ घर लौट रहा था। साबितगढ़ शुगर मिल के समीप अचानक सामने आई नीलगाय ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के चलते युवक गंदे नाले में जाकर गिर गया। दुर्घटना की सूचना पर आई पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को किसी प्रकार बाहर निकालते हुए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान सौरभ की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।