भूतल पर बनाया गया एसीएमओ का दफ्तर
अमर उजाला इंपेक्ट...
- अमर उजाला में खबर छपने के बाद डीएम ने जारी किए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। दिव्यांगाें की समस्याएं सुनने के लिए स्वास्थ्य विभाग नींद से जाग गया है। यह पहल अमर उजाला समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद शुरू हुई है। डीएम ने खबर को संज्ञान में लेकर भूतल पर दिव्यांगो की समस्याएं सुनने के लिए कार्यालय में एसीएमओ को बैठने के निर्देश दिए हैं।
दिव्यांगो की समस्याओं को अमर उजाला ने शनिवार के अंक में दिव्यांग की पहुंच से दूर हुए सीएमओ साहब नामक शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर को डीएम डॉ. रोशन जैकब ने संज्ञान में लेकर सीएमओ को सख्त निर्देश जारी कर जल्द भूतल पर दिव्यांगो की समस्याओं के लिए एसीएमओ की तैनाती के निर्देश दिए है। डीएम के आदेश पर सीएमओ कार्यालय में भूतल पर दिव्यांगों के लिए एक कमरे में साफ-सफाई का कार्य शनिवार को किया गया। सोमवार से इस कार्यालय में दिव्यांगों की समस्या का समाधान करने के लिए एक एसीएमओ की तैनाती कर दी गई है। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि जिला अस्पताल में दिव्यांगों को भूतल पर समस्याओं का समाधान करने के लिए सीएमओ को और भूतल पर एसीएमओ स्तर के एक अधिकारी की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।