गाजियाबाद। साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर लोनी की भोपुरा रोड स्थित ऑक्सी होम्स सोसायटी में रहने वाले अभिनव कमल से 5.15 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
एडीसीपी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित अभिनव कमल के मुताबिक रजत चोपड़ा नाम के युवक ने उन्हें कॉल की और खुद को यूपी स्टॉक का मुख्य विश्लेषक बताया। शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलवाने का झांसा दिया गया। अगस्त 2025 को दीपा अनीता नाम की महिला ने उन्हें लिंक साझा किया और स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश करने के बाबत जानकारी दी। साथ ही ग्रुप में जुड़े लोगों को होने वाले लाभ के स्क्रीन शॉट भी उनके मोबाइल पर भेजे। दीपा अनीता ने उन्हें तीन लाख रुपये निवेश करने को कहा। असमर्थता जताने पर उन्होंने कॉल काट दी।
इसके बाद रजत चोपड़ा की कॉल आई और पांच हजार रुपये से निवेश करने का झांसा दिया। उन्हें लिंक भेजकर एक एप इंस्टॉल कराया गया। उन्होंने पहले पांच फिर 40 हजार रुपये जमा किए जो उनके एप वॉलेट पर दिखने लगे।
उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया तो करीब चार हजार रुपये मुनाफे के रूप में उनके खाते में आ गए। इससे उनका विश्वास बढ़ने लगा। ठगों ने प्रभावशाली लोगों के ग्रुप का सदस्य बनने के लिए अधिक निवेश का झांसा दिया। इसके लिए उन्होंने 5.15 लाख रुपये साइबर ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। एडीसीपी ने बताया कि बैंक खातों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।