लोनी। गाजियाबाद-लोनी मार्ग पर बनी करीब डेढ़ दशक पुरानी मजार शनिवार को प्रशासन की टीम ने ढहा दी। यह मजार लोक निर्माण विभाग की करीब 50 वर्गगज भूमि पर बनी थी। इस दौरान भारी मात्रा में पुलिस और पीएसी के करीब 300 जवान तैनात रहे। डीएम के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। वहीं लोनी तिराहे के पास नगर पालिका की टीम ने बाजार में किए गए अतिक्रमण को भी हटाया।
लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर अवैध रूप से हजरत जमालुद्दीन उर्फ भूरे शाह मजार बनी थी। एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि अभिलेखों की जांच के बाद पता चला कि मजार लोक निर्माण विभाग की जमीन पर बनी थी। जांच के बाद डीएम के निर्देश पर शनिवार को इंदिरा मार्केट के पास बनी इस मजार को दो जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, लोक निर्माण विभाग, नायब तहसीलदार लीलू सिंह, लोनी नगर पालिका परिषद के खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी संजीव अवाना व नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। मजार के ध्वस्तीकरण के बाद अधिकारियों ने लोनी तिराहा से लोनी खंड विकास कार्यालय तक दुकानदारों के किए अतिक्रमण को हटाया। एसडीएम ने बताया की अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।