फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: आरोग्य मेले में 452 मरीजों को बड़े अस्पताल किया रेफर

विज्ञापन
शिवपुरी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करते चिकित्सक। संवाद
विज्ञापन
गाजियाबाद। आरोग्य मेले में अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज कराने पहुंचे 452 मरीजों को रेफर कर दिया गया। मरीजों को बताया गया कि एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए एमएमजी, संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में जांच कराने के लिए जाना होगा। मरीजों को तीन दिन की दवाई देकर मंगलवार को जांच कराने की सलाह दी गई।
विज्ञापन


आरोग्य मेले के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि आरोग्य मेले का उद्देश्य विशेष तौर पर रविवार को अवकाश पर रहने वालों को निःशुल्क और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग के लोग पहुंचे। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण की व्यवस्था की गई थी। कुल 942 बच्चों और 463 गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए गए। डॉ. राकेश ने कहा कि शहर में अधिकांश लोग ऐसे हैं जो सोमवार से शनिवार तक काम पर रहते हैं, इस कारण से स्वास्थ्य संबंधित परेशानी होने पर अस्पताल नहीं जा पाते हैं, लेकिन रविवार को अवकाश होने से वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज कराते हैं। उन्होंने बताया कि कुत्ते और बंदर काटने से घायल हुए 42 लोगों को मौके पर ही एंटी रेबीज टीका दिया गया। डॉ. गुप्ता ने बताया कि रेफर किए गए मरीजों में से अधिकांश को बुखार, शरीर में दर्द, उच्च या निम्न रक्तचाप, और जोड़ों के दर्द की शिकायत थी।

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दीनदयालपुरी के प्रभारी डॉ. ललित कुमार ने बताया कि मौसम में तेजी से बढ़ रही गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी, थकान और रक्तचाप में उतार-चढ़ाव जैसे लक्षण आम देखने को मिले। उन्होंने बताया कि मरीजों को इसके लिए पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव और नियमित जांच की सलाह दी गई है। आरोग्य मेले के दौरान मरीजों को स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श भी दिया गया। लोगों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई।
विज्ञापन


संजय नगर में जांच कराने के लिए कहा
राजनगर स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने पहुंची प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि कई दिन से पूरे शरीर में दर्द हो रहा था। डॉक्टर ने कहा कि सोमवार को 11 बजे से पहले या मंगलवार को संजय नगर के संयुक्त अस्पताल में जाकर जांच कराओ।
-

सिर में दर्द, एमएमजी जाने को कहा
विजय नगर स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने पहुंची सेक्टर नौ निवासी आबिदा ने बताया कि तीन महीने से सिर में दर्द रहता है। रविवार को जांच कराने गई तो कहा गया कि एमएमजी में जाकर सीटी स्कैन कराओ। रिपोर्ट मिलने के बाद वहीं डॉक्टर को दिखा देना।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें