सालों से थे जो फरार, ऑपरेशन ‘नॉक आउट’ में गिरफ्तार
गाजियाबाद। जिले में 72 घंटे चले पुलिस के ऑपरेशन ‘नॉकआउट’ में विभिन्न थानों की पुलिस ने 25 और 50 हजार के दो इनामी बदमाश समेत 33 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के दबाव के चलते पांच वांछितों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पकड़े गए बदमाश गैंगेस्टर एक्ट, लूट, हत्या, बलात्कार और दहेज हत्या के मामलों में वांछित थे।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि जिले के 163 वांछितों को चिह्नित कर गिरफ्तारी के लिए 6 से 9 जुलाई तक ऑपरेशन नॉकआउट चलाया गया। इसमें सभी थाना स्तर से 45 टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने प्रदेश के 20 जिलों में दबिश दी। कई मामले में गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली और पंजाब में भी दबिश दी। तीन दिन के इस ऑपरेशन में 33 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गैंगेस्टर एक्ट के 19, हत्या के 3, लूट के 8, डकैती के बलात्कार के दो, दहेज हत्या के एक वांछित को पकड़ा है। एसएसपी ने बताया कि लिंक रोड थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा छह, इंदिरापुरम, लोनी और सिहानी गेट थाना क्षेत्र में 4-4 अपराधी पकड़े गए हैं। इनके अलावा मोदीनगर के दो, इंदिरापुरम, मसूरी और मुरादनगर के एक-एक अपराधी ने पुलिस के डर की वजह से कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। गिरफ्तार किए गए सभी 33 वांछितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। एसएसपी का कहना है कि कई वांछित बुलंदशहर, बागपत, नासिक, हरियाणा की जेलों में बंद होने की जानकारी मिली है। पुलिस की गिरफ्त से बाहर बचे वांछितों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही दोबारा ऑपरेशन नॉकआउट चलाया जाएगा। एसएसपी ने बताया कि सिहानीगेट, इंदिरापुरम, लोनी और लिंकरोड एसएचओ को इस अभियान में सबसे बेहतर काम करने पर प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
इन्हें किया गिरफ्तार
फुरकान, अरुण, सलेक, सोनू, जितेंद्र, गौरव, वीरू, सोनू उर्फ छोटे, पंकज कुमार, जुबेर, अब्दुल मुतालिब, यतेंद्र, आमिर, अमित, सन्नी त्यागी, पप्पू, सरफराज, सुबहान, नरेश, हिमांशु, मन्नु कुमार, फैसल, तनवीर, मनीष, राकेश, विजय, मोंटी, सूरज, वाहिद, साजिद, अनस, जावेद, आलम, सुरेंद्र, छोटू प्रेम देवी और अमीरुद्दीन को गिरफ्तार किया है।
इनामी भी चढ़े हत्थे
एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन नॉकआउट में 50 हजार के इनामी बदमाश फैसल निवासी वेलकम सिटी, दिल्ली को भी गिरफ्तार किया है। यह लोनी में लूट के मामले वांछित था। उस पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई हो चुकी थी। आईजी मेरठ की ओर से उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। वह 2014 से फरार था। लोनी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। इसके अलावा इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अर्सी हत्याकांड में वांछित पंकज कुमार निवासी महिपालपुर दिल्ली को भी गिरफ्तार किया गया है। इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और करीब एक साल से फरार चल रहा था।