एक लाख पहुंचा दो नहीं तो सुनील तायल जैसा होगा हाल
- नगर के व्यापारी से फोन पर मांगी एक लाख की रंगदारी
- एक ही दिन में 20 बार मिली धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंदराबाद। नगर के बीडी व्यापारी से फोन पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं रंगदारी नहीं देने पर व्यापारी को सुनील तायल की तरह हत्या करने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने कालर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के खत्रीवाड़ा निवासी व्यापारी ने बताया कि वह बीड़ी का थोक व्यापारी है। रविवार को वह अपनी दुकान पर बैठा था। तभी एक अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर काल और उससे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। वहीं मंगलवार तक रंगदारी नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी गई। बता दें कि रंगदारी नहीं देने पर नगर के व्यपारी सुनील तायल की बदमाशों ने गोेली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में तीन बदमाशों को पुुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। व्यापारी ने बताया कि कालर ने उसे एक दिन में 20 बार काल कर रंगदारी मांगी और धमकी दी। पीड़ित ने कालर के खिलाफ तहरीर दी हैं। कोतवाल गिरीश कुमार कोटिया ने बताया कि कालर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।