गाजियाबाद। एक अगस्त से 30 अगस्त तक स्कूलों में 40 हजार बच्चों के टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान छात्रों को टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए टीडी (टिटनेस-डिप्थीरिया) वैक्सीन दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत कुल 56 हजार डोज उपलब्ध कराई हैं, जिन्हें जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में बच्चों को लगाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि यह वैक्सीन बच्चों के स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। कुछ निजी स्कूल टीकाकरण को लेकर सहयोग नहीं कर रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मियों के स्कूलों में पहुंचने पर उन्हें यह जानकारी दी जा रही है कि संबंधित बच्चों का टीकाकरण पहले ही किया जा चुका है। ऐसे में विभाग की ओर से स्कूल प्रबंधन से स्पष्ट जानकारी मांगी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि अधिकतम बच्चों तक यह वैक्सीन पहुंचे और कोई भी छात्र इससे वंचित न रह जाए। विभाग ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं और इस अभियान में भागीदार बनें।
सीएमओ ने कहा कि यदि टीकाकरण पहले ही हो चुका है, तो यह अच्छी बात है। लेकिन यदि ऐसा नहीं हुआ और गलत जानकारी दी जा रही है, तो इससे बच्चों को भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए स्कूल प्रबंधन से अनुरोध किया जा रहा है कि अभियान में सहयोग करें और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाएं।
वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) धर्मेंद्र की ओर से भी इस विषय में 69 स्कूलों को पत्र जारी कर टीकाकरण में सहयोग की अपील की गई है। टीडी वैक्सीन 10 साल और 16 साल की आयु के बच्चों को दी जाती है, जिससे उन्हें टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा मिलती है।