दिल्ली के गाजीपुर निवासी सुरेंद्र का आरोप है कि उनके कौशांबी के भोवापुर स्थित मकान पर 25 अगस्त को करीब 40-50 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और किरायेदारों से मारपीट की। मारपीट करने वाले भीम आर्मी की नारेबाजी करते हुए घर में दाखिल हुए। एक किरायेदार महिला रमा का हाथ टूट गया। अन्य किरायेदार घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने सुरेंद्र की तहरीर पर सोमवार देर रात पिंटू, रितिक, जगन, मुकेश व गोविंद नाम के युवक समेत 50 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
दर्ज मुकदमे में सुरेंद्र ने बताया कि उनके भोवापुर स्थित मकान में करीब तीन वर्ष से ताहिर, ममता व रमा किराये पर रह रही हैं। 25 अगस्त की दोपहर पिंटू, रितिक, जगन, मुकेश, गोविंद, आरती, काजल और ईशा करीब 50 अज्ञात साथियों के साथ भीम आर्मी के नारे लगाते हुए मकान पर पहुंचे। यहां लाठी-डंडे और पिस्टल लेकर घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि पिस्टल लिए पिंटू व रितिक ने किरायेदारों के सिर में बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। आरोपी जगन और मुकेश ने डंडे व रॉड से बुरी तरह पीटा। बताया कि किरायेदार रमा का हाथ टूट गया और बाकी किरायेदार घायल हो गए। यहां तक कि मारपीट के बाद आरोपी घर में रखे फ्रिज, सीसीटीवी कैमरे, बर्तन, सिलेंडर समेत फर्नीचर चोरी कर ले गए। मारपीट और झगड़े की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इस पर एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह, कौशांबी थाना प्रभारी अजय मिश्रा, इंदिरापुरम थाना प्रभारी रविंद्र गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी मौके से भाग गए। करीब दो-तीन घंटे तक पुलिस मौके पर तैनात रही। इसके बाद मकान मालिक सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संपत्ति बंटवारे के विवाद से जुड़ा है। सुरेंद्र ने जिस व्यक्ति से मकान खरीदा था उनके परिवार वालों ने बंटवारे को लेकर आपत्ति जताते हुए झगड़ा किया है। विवाद कोर्ट में भी विचाराधीन है। सोमवार को हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ वीडियो फुटेज सामने आई हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।