धनतेरस पर बरसा धन, 1000 करोड़ का कारोबार
गाजियाबाद। धनतेरस पर जिले भर में खूब धन बरसा। एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। बड़ी संख्या में लोगों ने जेवरात, सोने-चांदी के सिक्के, इलेक्ट्रानिक सामान, गिफ्ट आइटम, बर्तन, मोबाइल, बाइक, कार, स्कूटी, ट्रैक्टर-ट्रॉली से लेकर घरेलू साज-सज्जा का सामान खरीदा। कुछ लोगों ने ऑनलाइन खरीदारी भी की।
धनतेरस पर नवयुग मार्केट, सराफा बाजार, तुराबनगर, राजनगर, संजय नगर, शास्त्रीनगर, नंदग्राम, विजय नगर, प्रताप विहार आदि बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार की सुबह सात बजे से लोगों ने दुकानें खोलनी शुरू कर दी थीं। धनतेरस पर सुबह से ही लोग बाजारों में पहुंचने लगे। दोपहर तक बाजारों में भीड़ बढ़ी और शाम होते-होते बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। महिलाओं से लेकर बच्चे, बड़े और बुजुर्ग सबने खरीदारी की। सोमवार को सड़कों पर 10 हजार से अधिक बाइक, स्कूटी और एक हजार से अधिक कार, ट्रैक्टर आदि सड़कों पर उतरे। वहीं अनुमानित करीब 25 हजार से अधिक मोबाइल की बिक्री हुई। धनतेरस के दिन पहले बुकिंग कराने वाले लोगों की संख्या ज्यादा रही। जबकि कम लोगों ने दिन के दिन वाहन आदि की खरीदारी कर की थी। कार की लोगों ने एक महीने पहले से बुकिंग करानी शुरू कर दी थी। देर रात तक शोरूम संचालक गाड़ियों की तैयारी कराकर उनकी डिलीवरी करते रहे। शाम होते होते बाजारों की रौनक और ज्यादा बढ़ती रही। रंग-बिरंगी झालरें और लाइट बाजारों की शोभा बढ़ाती नजर आईं। कुछ लोगों धनतेरस के दिन मकान, प्लाट और फ्लैट का बैनामा कराया।
बर्तनों की जमकर हुई खरीदारी
सोमवार को बर्तनों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। कई दुकानों पर बर्तन खरीदने के लिए मारामारी बची हुई थी। लोगों ने डिनर सेट, कप सेट, बाउल आदि की खरीदारी की तो कुछ लोगों ने नेक के तौर पर गिलास, कटोरी, चम्मच, फ्रूट बास्केट, बर्तन स्टैंड, तांबे का मग, लोटा आदि की खरीदारी की।
सराफा बाजार में नए आइटमों की धूम
इस बार बाजार में भगवान गणेश की फैंसी पैकिंग आई है। इस पैकिंग में चांदी का सिक्का है और ऊपर गणेश बने हुए हैं। देखने में भी यह सिक्का बहुत प्यारा लग रहा है। लोग काफी संख्या में इन सिक्कों को खरीद रहे हैं। सिक्के की कीमत 600 रुपये है। गंगा-यमुना पालिस सिक्का भी खूब बिक रहा है। यह सिक्का 25 ग्राम का है। इसकी कीमत 1250 रुपये है। चांदी की बोतल की कीमत 33,500 रुपये और सुराई की कीमत 31,000 रुपये है। चांदी का दीपक 14,000 रुपये और दो किलो की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति 95,000 रुपये में बिक रही थी।
मोबाइल की रही डिमांड
बाजारों में इलेक्ट्रानिक और इलेक्ट्रिक सामान की खूब खरीदारी हुई। पूरे दिन लोग एलईडी, वाशिंग मशीन, फ्रीज, मोबाइल, एसी व अन्य सामान रात तक बिकते रहे। युवाओं ने लैपटाप की खरीदारी की। कुछ युवाओं में मिनी लैपटाप का भी क्रेज दिखा। बाजार में बड़ी एलईटी, ब्रांडेड कंपनी के मोबाइल और ब्रांडेड कंपनी के विभिन्न उपकरणों की मांग ज्यादा रही।
खूब खरीदे कपड़े
लोगों ने घर के जरूरती सामान के साथ कपड़ों की भी खरीदारी की। लोग ब्रांडेड शोरूम पर पहुंचे और आफर वाले कपड़े खरीदे। कुछ लोगों ने जूते तो कुछ से घड़ी, बेल्ट आदि खरीदे। बच्चे, युवा, बुजुर्ग एवं महिलाएं भी खरीदारी करने पहुंचे। नान ब्रांडेड शोरूमों पर काफी भीड़ दिखाई दी। आफरों ने भी लोगों को खूब लुभाया।