12 से अधिक पटाखा गोदाम सील
लोनी। फर्रुखनगर में पटाखा बनाने और बिक्री पर रोक के बाद भी धड़ल्ले से पटाखा कारोबार हो रहा है। इलाके में चोरी छिपे चल रही पटाखे बेचने वाले गोदामों पर रविवार सुबह प्रशासानिक अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। टीम ने फर्रुख नगर और गढी सब्लू गांव में कार्रवाई के दौरान करीब एक दर्जन से अधिक गोदामों को सील कर दिया है। प्रशासन की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रशासन ने गाजियाबाद में पटाखा बिक्री और बनाने पर रोक लगा रखी है। इसके बाद भी फर्रुखनगर इलाके में धड़ल्ले से पटाखा बेचने और बनाने का काम चल रहा है। शनिवार को गढी सब्लू गांव में पटाखा गोदाम में आग लगने की घटना के बाद से प्रशासन सख्ती दिखाते हुए पटाखे के गोदामों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने करीब एक दर्जन से अधिक गोदामों को सील कर दिया। इनमें चोरी छिपे पटाखे बेचे जा रहे थे। एसडीएम सतेंद्र कुमार ने बताया कि फर्रुखनगर, गढ़ी सब्लू गांव समेत अन्य इलाकों में पटाखा संचालकों के पास 2018 के तहत लाइसेंस रिन्यूवल नहीं हुए हैं। सभी संचालकों के पास 2017 तक की परमिशन थी। नये आदेश अभी नहीं आए हैं, इसके बावजूद पटाखा संचालक चोरी छिपे पटाखे बेच रहे थे। मामले में रविवार को पुुलिस बल के साथ फर्रुखनगर और गढ़ी सब्लू समेत अन्य इलाके में छापेमारी की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन से अधिक गोदामों को सील कर दिया। उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस रिन्यूवल के किसी भी पटाखा गोदामों को चलने नहीं दिया जाएगा।