102 राशन डीलर समेत 195 पर एफआईआर
गाजियाबाद। आधार कार्डों में फर्जीवाड़ा कर हुए अनाज घोटाले के मामले में मंगलवार को गाजियाबाद में बड़ी कार्रवाई की गई। डीएम के आदेश पर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने 102 राशन डीलर समेत 195 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है।
अनाज आवंटन में हुए घोटाले के सामने आने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग ने अपने ही विभाग की वृहद स्तर पर जांच की। 250 से अधिक लोगों से पूछताछ हुई। घोटाले में 102 राशन डीलर की मिलीभगत पाई गई। इनमें 21 डीलर खोड़ा क्षेत्र के हैं। इनके अलावा घोटाले के सूत्रधार रहे नोएडा के दो ऑपरेटर समेत 16 अन्य लोगों और 77 कार्ड धारकों के खिलाफ कविनगर, घंटाघर कोतवाली, खोड़ा और लोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। डीएम रितु माहेश्वरी का कहना है कि 21 अगस्त को मामला सामने आने के बाद इसकी विस्तृत जांच कराई गई। घोटाले में संलिप्त पाए गए राशन डीलर्स, कार्ड धारकों और आपरेटर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।