मधुबन बापूधाम में फार्मा स्यूटिकल हब और मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनेगा
गाजियाबाद।
मधुबन बापूधाम योजना को हिट करने की दिशा में जीडीए ने काम शुरू कर दिया है। फार्मा से जुड़ी कंपनियों को आकर्षित करने के लिए योजना में फार्मा स्यूटिकल हब विकसित किया जाएगा। योजना में ही शहर का सबसे बड़ा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल खोलने की तैयारी है। जीडीए की ओर से भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया मई में शुरू की जाएगी।
फार्मा स्यूटिकल हब को 11 हेक्टेयर जमीन पर विकसित किया जाएगा। दिल्ली-मेरठ हाईवे से बिल्कुल सटा होने और एलिवेटेड रोड के संचालित होने से मेरठ रोड से दिल्ली की कनेक्टिविटी बहुत अच्छी हो गई है। ऐसे में यहां फार्मा कंपनियां खोलने वाले लोगों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। दूसरी ओर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के लिए तीन हेक्टेयर भूखंड तय किया गया है। दोनों प्रोजेक्टों को गति देने के लिए जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने अधिकारियों के साथ मधुबन बापूधाम योजना में शनिवार को साइट का दौरा किया। अधिकारियों के साथ बातचीत के साथ फार्मा स्यूटिकल हब व मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल खोलने की योजना का पूरा खाका खींचा गया। जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने बताया कि मधुबन बापू धाम योजना में फार्मा सिटिकल हब व मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की योजना है। निर्माण के लिए अगले माह भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी।
विकसित होगा फार्मा सेक्टर क्लस्टर, लौटेंगी कंपनियां
जीडीए की योजना मधुबन बापूधाम में फार्मा स्यूटिकल हब विकसित करने की है। इस योजना से 11 हेक्टेयर के एरिया में फार्मा सेक्टर से जुड़ा एक क्लस्टर तैयार हो सकेगा। एनसीआर का हिस्सा होने और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते कंपनियों के लिए यह योजना फायदे का सौदा रहेगी। साथ ही गाजियाबाद से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को पलायन करने वाली कंपनियों को फिर से आकर्षित किया जाएगा। प्राधिकरण की योजना से फार्मा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां फिर गाजियाबाद का रुख करेंगी।
नामी अस्पताल चेन को लाने की तैयारी
तीन हेक्टेयर में प्रस्तावित शहर के सबसे बड़े मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण के लिए प्राधिकरण की तैयारी मेदांता, अपोलो, मैक्स सहित अन्य नामी अस्पताल चेन को लाने की है। इसके लिए जीडीए की सलाहकार फर्मों को नामी अस्पताल चेन को नीलामी प्रक्रिया में जोड़ने की तैयारी की जा रही है। पुराने शहर में एक बड़ा मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल खुलने से हजारों लोगों को इसका लाभ होगा।
फार्मा हब के लिए 40 से ज्यादा औद्योगिक भूखंड है मौजूद
जीडीए की ओर से मधुबन बापूधाम योजना में दिल्ली-मेरठ हाईवे से सटे 40 से अधिक औद्योगिक भूखंड़ों को लेकर फार्मा स्यूटिकल हब विकसित किया जाना है। इससे पहले भी इन भूखंडों की नीलामी के लिए प्राधिकरण की ओर से प्रक्रिया आयोजित की गई, लेकिन किसी ने भी भूखंडों को खरीदने में रुचि नहीं दिखाई। यह भूखंड फार्मा हब के लिए चयनित किए जाने से यहां एक इंडस्ट्री विकसित हो सकेगी।