गाजियाबाद। हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर के निर्माण की जद में आने वाले करीब 300 पेड़ों को काटने के बजाय दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा। वन विभाग के सर्वे में इन पेड़ों को चिह्नित किया गया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) इन्हें मधुबन बापूधाम में अपने नए कार्यालय के आसपास लगवाएगा।
विज्ञापन
वन विभाग की एनओसी मिलने के बाद पेड़ों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कराने की तैयारी है। फ्लाईओवर निर्माण के लिए वन विभाग की एनओसी नहीं मिल सकी थी। इसके लिए विभाग की ओर से सर्वे किया जाना बाकी था। जीडीए की ओर से इस संबंध में पत्र भेजे जाने के बाद वन विभाग ने अब क्षेत्र का सर्वे पूरा कर लिया है।
प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर आलोक रंजन ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के लिए मिट्टी की जांच कराई जा चुकी है। कार्य के लिए कंपनी का चयन भी हो चुका है। वन विभाग की एनओसी मिलने के बाद पेड़ों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। प्राधिकरण को इस सप्ताह एनओसी मिलने की उम्मीद है। ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।