गाजियाबाद। रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थ में मिलावट न हो सके इसके लिए चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को चार स्थानों पर कार्रवाई की गई और 300 किलोग्राम रसगुल्ला नष्ट कराया गया। इसके अलावा 10 सैंपल भी एकत्र किए गए, जिनको जांच के लिए लखनऊ लैब भेजा गया है। इससे पहले सोमवार को भी कार्रवाई करके क्रासिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र के भीमनगर में कार्रवाई करते हुए 10 क्विंटल छेना नष्ट कराया गया था। अभी तक टीम ने कुल 14 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि मुकीमपुर में टीम ने कार्रवाई की। मौके पर 300 किलोग्राम रसगुल्ला नष्ट कराया गया। रसगुल्ले के रस को साफ करने के लिए और रसगुल्ले के रंग को चमकदार बनाने के लिए केमिकल का प्रयोग किए जाने के शंका पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मौके पर टीम को केमिकल भी मिला है, लेकिन केमिकल की मात्रा कम होने की वजह से उसका सैंपल नहीं भरा जा सका है। इसके अलावा होटल पार्थ इन स्वाद रेस्टोरेंट से पनीर के सैंपल, जिंदल बीकानेर से बर्फी और घेवर के सैंपल, करन गेट लोनी से लड्डू, घी और सिंथेटिक रंग का नमूना लिया गया है।