गाजियाबाद। विजयनगर निवासी कुसुम से प्रोपर्टी डीलर समीउल्ला उर्फ छोटे ने सरकारी जमीन को अपना बताकर बेच दिया और 2.90 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में कुसुम ने समीउल्ला के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
कुसुम का कहना है कि समीउल्ला ने उन्हें डासना में जेल के पास एक 50 गज की जमीन दिखाई, जिसे खरीदने के लिए उन्होंने 2.50 लाख रुपये उसे दे दिए, जिसका उसने बैनामा भी करा दिया। उन्होंने 50 हजार रुपये खर्च करके वहां एक कमरा बनवा दिया। कुछ समय बाद सरकारी विभाग के अधिकारियों ने सरकारी जमीन बताकर कमरे ध्वस्त करा दिया। इसके बाद उन्होंने उससे संपर्क किया तो समीउल्ला ने 10 हजार रुपये लौटा दिए लेकिन 2.90 लाख रुपये अभी तक नहीं दिए। एसीपी नगर निमिष पाटिल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
घर में घुसकर की पत्थरबाजी, महिला घायल
गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र के गांव दुहाई निवासी सुमन के घर में घुसकर अमित, रवि, मनीष, विपिन, गौरव उर्फ गोलू और उमेश ने पत्थरबाजी कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोप है कि वह परिवार के साथ बैठी थीं। इसी दौरान उनके छोटे भाई कृष्णपाल से अमित व उसके साथी झगड़ने लगे। वह घर पहुंचा तो सभी ने घर में घुसकर हमला कर दिया। मामले में उन्होंने मधुबन बापूधाम थाने में केस दर्ज कराया है। एसीपी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।