विजयनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं ने बनाई मानव श्रृंखला।
गाजियाबाद। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर यूनिवर्सिटी और स्कूलों में मानव शृंखला बनाई गई। क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के प्रागंण में प्रशासन के कार्यक्रम में लगभग 2500 छात्र-छात्राओं ने मानव-शृंखला बनाई और सड़क सुरक्षा के लिए शपथ ली। सामाजिक संगठनों ने भी गोष्ठी और माल्यर्पण कर नेताजी को श्रद्धांजलि दी।
क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ अभिनव गोपाल ने सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाने, हेलमेट का प्रयोग करने और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की अपील की। एडीएम सिटी और एआरटीओ प्रशासन राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा हम सभी का मूल मंत्र होना चाहिए। इस दौरान सभी अधिकारी मौजूद रहे।
विद्यार्थी विकास समिति ने सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती कंपनी बाग में मनाई। इस दौरान उनकी कुर्बानियों और देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया गया। संरक्षक नरेंद्र सिंह चौहान, संस्था के अध्यक्ष बाबूराम शर्मा, त्रिलोक सिंह, स्वीटी जैन, अंशिका तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं, पीआरडी जवानों ने नेताजी की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया। हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन के पीछे बने सुभाष चंद्र बोस स्मृति उपवन में बनी उनकी प्रतिमा पर फूल माला अर्पित की। इस मौके पर संजय सिंह, विपिन कुमार, केके त्यागी, जोगिंदर, अरविंद मित्तल, लोकेश मौजूद रहे।