गाजियाबाद। राज्य कर विभाग में शुरू की गई ब्याज माफी योजना के तहत शनिवार को 20 लोगों ने लाभ के लिए हेल्प डेस्क के माध्यम से आवेदन किया। इसके साथ ही करीब 20 लाख रुपये जमा कराए गए। अब तक करीब 40 लोगों ने योजना के तहत बकाये में ब्याज पर छूट के लिए आवेदन किया है। राज्य कर विभाग बकायेदारों को ब्याज में छूट दे रहा है।
व्यापारियों की मदद के लिए राज्य कर विभाग ने शुक्रवार को परिसर में हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया था। व्यापारियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क पर अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। राज्यकर विभाग की अपर आयुक्त ग्रेड वन जोन सेकंड मोनू त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत ऐसे व्यापारी जिन पर 10 लाख तक का बकाया है, उन्हें बकाया कर जमा करने पर ब्याज में शत-प्रतिशत और 10 लाख से एक करोड़ तक के बकायेदारों को ब्याज में 90 प्रतिशत, एक करोड़ से पांच करोड़ तक के बकाये पर 75 फीसदी की छूट दी जा रही है। वहीं, पांच करोड़ से अधिक के बकाया पर ब्याज 50 प्रतिशत माफ किया जाएगा। ब्यूरो