फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: सपा नेता की कार में मिले 20 लाख रुपये, जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सदस्यों की खरीद-फरोख्त को जा रही थी रकम

Tue, 15 Jun 2021 06:33 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : social media
विज्ञापन
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तारीख घोषित होते ही जोड़-तोड़ और खरीद-फरोख्त का खेल तेज हो गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की गढ़ कोतवाली पुलिस ने सपा नेता की कार से 20 लाख रुपये  बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार यह रकम जिला पंचायत सदस्यों की खरीद-फरोख्त के लिए ले जाई जा रही थी। हालांकि इनकम टैक्स की टीम भी मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन


वहीं सपा नेता का कहना है कि वह बैनामा कराने के लिए उक्त रकम लेकर गढ़ तहसील जा रहा था। सीओ पवन कुमार ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की सुबह सूचना के आधार पर पुरानी दिल्ली रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान हापुड़ की तरफ से आ रही एक कार को रुकवा कर चेकिंग की गई।

जिसमें सपा नेता और  सिंभावली ब्लॉक के पूर्व प्रमुख कुंवरपाल यादव मौजूद थे। कार की तलाशी लेने पर उसमें 20 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। सपा नेता से पूछताछ की गई, लेकिन वह उस समय कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। टीम ने नकदी को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन


सीओ ने बताया कि सूचना के अनुसार उक्त रकम जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सदस्यों की खरीद-फरोख्त में प्रयोग की जानी थी। सपा नेता किसी जिला पंचायत सदस्य को देने के लिए रकम लेकर जा रहे थे। इसकी गहन जांच चल रही है।
विज्ञापन

भाई बोले-बैनामे के लिए ले जा रहे थे पैसा

सपा के पूर्व प्रदेश सचिव और कुंवरपाल के भाई सतपाल यादव ने बताया कि 20 लाख रुपये की रकम पीएनबी की सिंभावली शाखा से निकाले गए थे। एक भूमि के बैनामे के लिए स्टांप खरीद समेत अन्य खर्च के लिए उक्त धनराशि को लेकर तहसील मुख्यालय जा रहे थे।

कोतवाली पर लगी सपा नेताओं की भीड़
पूर्व ब्लॉक प्रमुख की कार से 20 लाख की नकदी बरामद होने की सूचना मिलते ही जनपद स्तरीय सपा नेता सक्रिय हो गए। गढ़ कोतवाली पर पूर्व मंत्री मदन चौहान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गढ़ दिनेश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध नागर समेत अन्य नेता कोतवाली पहुंच गए। जिन्होंने सीओ पवन कुमार और कोतवाली प्रभारी शीलेश कुमार से वार्ता की।

आयकर को भेजी रिपोर्ट
सीओ पवन कुमार का कहना है कि सपा नेता की कार से बरामद 20 लाख रुपये की रकम के संबंध में डीएम, एसपी व इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी गई है। इनकम टैक्स विभाग की जांच व उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
डीएम अनुज सिंह का कहना है कि इस संबंध में उन्हें सूचना मिली है। संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। पूरी जांच होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें