स्कूलों को भेजनी होगी शौचालय की फोटो
स्कूलों में पानी और शौचालय की व्यवस्था पर अब प्रिंसिपल को वीडियो बनानी होगी। स्कूलों में शौचालय की स्थिति पर सभी इंटर कालेज के प्रिंसिपल से डीआईओएस ने रिपोर्ट मंगवाई है।
डीआईओएस राज सिंह यादव ने बताया कि स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत की मुहिम को स्कूलों में धार दी जाएगी। शासन से जारी सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि स्कूलों में शौचालय और पानी की व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए।
स्कूल से ही स्वच्छता अभियान की शुरुआत होगी तभी ये बच्चे आगे चलकर शहर और देश को स्वच्छ करेंगे। डीआईओएस राज सिंह ने बताया कि इस संबंध में 13 जुलाई को जिला स्तरीय बैठक भी बुलाई गई है।
बैठक में सभी प्रधानाचार्यों को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। सभी इंटर कालेजों में बच्चों के लिए पीने के पानी की क्या व्यवस्था है और शौचालयों की क्या स्थिति है।
इस पर सभी प्रधानाचार्यों को फोटो क्लिक कर डीआईओएस को भेजनी होगी। जिन स्कूलों में भी शौचालय और पानी की व्यवस्था खराब हो, प्रधानाचार्यों को जुलाई के अंत तक व्यवस्था दुरुस्त करानी होगी।