आकाश नगर में होगी व्यापक कार्रवाई, गूगल मैपिंग शुरू
गाजियाबाद। महानगर में अवैध निर्माणों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की जीडीए ने तैयारी शुरू कर दी है। शासन के निर्देश पर प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों को चिह्नित करने के लिए गूगल मैपिंग का काम शुरू कर दिया है। जीडीए ने सबसे पहले सैंपल के तौर पर आकाश नगर में रिमोट सेंसिंग थ्री डी सर्वे करने का एक कंपनी को निर्देश दिया है। तीन लेवल पर होने वाले सर्वे में ड्रोन की मदद से जियोग्राफिकल ब्योरा एकत्रित किया जाएगा।
कंपनी की रिपोर्ट के आधार पर ही उसे पूरे शहर का सर्वे कराने का जिम्मा दिया जाए या नहीं, यह तय किया जाएगा। दूसरी ओर लखनऊ स्थित रिमोर्ट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर ने भी आकाश नगर में अवैध निर्माण का सर्वे शुरू कर दिया है। मिसलगढ़ी के आकाश नगर में पांच मंजिला इमारत के ढहने से दो लोगों की मौत होने के साथ नौ लोग घायल हो गए थे। घटना को गंभीरता से लेते हुए शासन ने सभी विकास प्राधिकरणों को अवैध कालोनियों की गूगल मैपिंग कराने के निर्देश दिए थे।
शासन ने जल्द से जल्द प्राधिकरणों को अवैध कॉलोनियों का रिमोट सेंसिंग थ्री डी सर्वे कर रिपोर्ट देने को कहा है। शासन की ओर से अवैध कॉलोनियों की गूगल मैपिंग कराने के बाद उनके विस्तार पर रोक लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। शासन के निर्देश पर ही जीडीए ने एक कंपनी को सबसे पहले सैंपल के तौर पर आकाश नगर का रिमोट सेंसिंग थ्री डी सर्वे करने का जिम्मा सौंपा है।
आकाश नगर में तीन स्तरों पर होगा सर्वे
अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में जीडीए की ओर से आकाश नगर में तीन स्तरों पर रिमोट सेंसिंग थ्री डी सर्वे कराया जा रहा है। पहले स्तर पर कंपनी की ओर से जमीन का सर्वे किया जाएगा। इसमें आकाश नगर कितनी जमीन पर बसा व उसकी सड़कें कितनी चौड़ी हैं, उसका पता लगाया जाएगा। फिर दूसरे स्तर पर एक यूनिट के मकान और तीसरे स्तर पर आकाश नगर में बनी बहुमंजिला इमारतों को चिह्नित किया जाएगा।
सर्वे में ड्रोन का भी होगा इस्तेमाल
जीडीए की ओर से कराए जा रहे रिमोट सेंसिंग सर्वे में सेटेलाइट का डेटा भी इस्तेमाल किया जाएगा। आकाश नगर के जियोग्राफिकल सर्वे के लिए नियुक्त कंपनी ड्रोन का भी इस्तेमाल करेगी। एकत्रित किए गए ब्योरा में कोई कमी न रहने और त्रुटियों को कम से कम करने के लिए मैनुअल सर्वे की कराया जाएगा।
11 अवैध बिल्डिंग की ध्वस्त, संख्या पहुंची 86
गाजियाबाद। मानकों की अवहेलना कर बनी अवैध इमारतों के ध्वस्तीकरण का अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। जीडीए प्रवर्तन अनुभाग के दल ने पुलिस फोर्स के साथ कार्रवाई करते हुए 11 अवैध भवनों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से ध्वस्त किए गए भवनों की संख्या अब 86 हो गई है। जोन-दो में मुरादनगर में एक अवैध कॉलोनी और बिल्डर के कार्यालय को ध्वस्त किया। जोन-तीन में सात अवैध निर्माण को ढहाया गया। इनमें बालाजी एंक्लेव में अवैध निर्माण, भवन व उसकी दीवारों को ध्वस्त किया गया। जोन-4 में हुई कुल दो कार्रवाई में प्रताप विहार योजना में स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। वहीं जोन-आठ ट्रोनिका सिटी लोनी में एक अवैध निर्माण को ढहाया गया।