जरा सी बारिश में लबालब हुआ शहर
जरा सी बारिश क्या हुई कि शहर और कस्बे एक बार फिर लबालब हो गए। शहर के मुख्य कालाआम चौराहे समेत टीचर्स कॉलेनी, राधा नगर, साठा, खुर्जा अड्डा, कृष्णा नगर, देवीपुरा आदि जगहों पर पानी भर गया।
नालों की सफाई को लेकर नगर पालिका अफसरों द्वारा किए गए दावों की भी पोल खुल गई। नाले ओवरफ्लो होने के कारण सड़कों पर नाले का पानी बहने लगा। खुर्जा में भी बारिश ने नगरपालिका की सफाई के दावों की कलई खोल दी।
नगर स्थित हनुमान टीला, फतोबावली गेट, पदमसिंह गेट, छोटी होली,नावल्टी रोड समेत कई स्थानों पर जलभराव हो गया। गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर घुस गया। सिकंदराबाद में बारिश के चलते लोगों के घरों में पानी घुस गया।
सफाई न होने से नाले-नालियां के ओवर फ्लो हो गए, इससे गली मोहल्लों में जलभराव हो गया। खत्रीवाडा, सलेमपुर रोड, गोरखी, सद्दीक नगर, सराय झाझन, छासियावाडा, आशापुरी कालोनी, गोकल गंज, पैठ बाजार, झारखंडी, शिव नगर कालोनी, आदि मोहल्लों में जलभराव के चलते लोग परेशान रहे।